Budaun News: गंगा नदी में तीन युवक बहे, एक लापता

लापता नवी अहमद ।
– बसौलिया घाट पर सुबह 9:30 बजे की घटना, रिश्तेदारी में आए थे तीनों
– लापता युवक की देर शाम तक होती रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में बसौलिया घाट पर मंगलवार सुबह गंगा नदी में स्नान करने पहुंचे तीन युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। उनमें दो युवकों को सकुशल बचा लिया गया, लेकिन तीसरा युवक नवी अहमद (35) पता नहीं चला। देर शाम तक पुलिस कई गोताखोरों से उसे तलाश कराती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
ग्राम बसौलिया निवासी मुन्ने पुत्र मुख्तियार के यहां सोमवार को अकीका कार्यक्रम था। इसमें सभी नजदीकी रिश्तेदारों को दावत पर बुलाया गया था। इस कार्यक्रम में कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी अकरम (30), बहबलपुर निवासी ताज मोहम्मद (31) और जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव भोगाजीत नगरिया निवासी नवी अहमद (35) पुत्र अशरफ भी पहुंचे थे।
बताते हैं कि सोमवार रात सभी रिश्तेदारों ने दावत खाई। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे तीनों युवक गांव के गंगा घाट पर स्नान करने पहुंच गए। अकरम, ताज मोहम्मद और नवी अहमद कपड़े उतारकर गंगा नदी में घुस गए। इस समय वैसे भी गंगा में बाढ़ का पानी आया हुआ था। इससे गंगा का पानी बढ़ गया और उसकी धारा भी तेज हो गई। जब तीनों युवक गंगा में नहा रहे थे कि अचानक तीनों तेज बहाव में बह गए।
उस दौरान गंगा किनारे और भी लोग मौजूद थे। उन्होंने युवकों को बहते देखकर शोर मचा दिया, जिससे गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और युवकों को बचाने के लिए गंगा में कूद गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत से ताज मोहम्मद और अकरम को सकुशल निकाल लिया, लेकिन तब तक नवी अहमद गंगा के तेज बहाव में लोगों की आंखों के सामने से ओझल हो गया।
इसकी सूचना पर युवक के रिश्तेदार और परिवार वाले घाट पर पहुंच गए। बाद में सूचना पर कोतवाली पुलिस भी आ गई। इसके बाद कई गोताखोरों को लगाया गया। मंगलवार देर शाम तक युवक की खोजबीन चलती रही लेकिन तब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। इससे परिवार वाले काफी दुखी हैं।

लापता नवी अहमद ।