Budaun News: पानी की बर्बादी रोकने के लिए किया जागरूक, रैली निकाली

जल के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना। संवाद
जल जीवन मिशन के तहत ब्लॉक मुख्यालय पर हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज। जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर एक दिवसीय जन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमे आशाओं को हर घर स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने तथा पानी का अपव्यय रोकने के लिए जानकारी दी गई। इस मौके पर एक रैली का भी आयोजन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एडीओ निरूपमा ने दिनोंदिन घटते जल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर जल संरक्षण पर शीघ्र ही ध्यान नही दिया गया तो आने वाले दिनों में जल की बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी।
कहा कि आशाएं गांव-गांव जाकर लोगों को जल संरक्षण तथा जल का अपव्यय रोकने के लिए जागरूक करें। डीपीएमयू अशोक द्विवेदी ने कहा कि भूमिगत पानी मे भूगर्भीय संक्रमण होने तथा जल स्तर नीचे चले जाने से पानी की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। इसे सुधारने के लिए सरकार तो अपने स्तर से प्रयास कर ही रही है लोगों को भी जागरूक होना पड़ेगा।
कार्यशाला को मनोज कुमार, शुवनेश कुमार, रमाकांत, तथा रूप किशोर आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर लोगों को जागरूक करने के लिए एक रैली भी निकाली गई।