Budaun News: बस की टक्कर से ट्रैक्टर सवार युवक की मौत

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक विशेष कुमार के परिजन। संवाद
– जरीफनगर थाना क्षेत्र में मेरठ हाईवे पर हुआ हादसा, दो लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र में मेरठ हाईवे पर रोडवेज बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि ट्रैक्टर पलटकर खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
शनिवार को सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर के रहने वाले 36 वर्षीय विशेष अपने साथी विजय, किशन के साथ ट्रैक्टर से जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर रदनौल गांव में लगन समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह में खाना खाने के बाद वह काफी देर तक वहां रुके। इसके बाद रात में ही वहां से चल दिए। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मदारपुर के पास नरौरा डिपो की रोडवेज बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। तेज रफ्तार टक्कर से ट्रैक्टर खाई में पलट गया। हादसे में विशेष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशन और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक रोडवेज बस छोड़कर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेते हुए शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस संबंध में एसएचओ जरीफनगर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से ट्रैक्टर खाई में पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसके दो साथी घायल हो गए। बस को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।