Budaun News: परिवहन निगम ने घाटा बताकर बंद कर दो रूटों की रोडवेज बसें
बदायूं। शासन के निर्देश पर गांवों को शहर से जोड़ने के लिए चलाई गईं दो रोडवेज बसों को परिवहन निगम ने घाटा बताकर बंद कर दिया है। हालांकि इन रूटों पर दिन भर डग्गामार वाहन दौड़ते हैं।
परिवहन निगम ने एक माह पहले एक रोडवेज बस बिसौली-आसफपुर रूट पर और दूसरी सहसवान से नाधा होते हुए बहजोई के लिए चलाई थी। इनमें बिसौली-आसफपुर रूट पर चलाई गई रोडवेज बस को रात में बिसौली में रुकना था। सुबह आसफपुर पहुंचकर बदायूं आना था। फिर यहां से चंदौसी या मुरादाबाद का चक्कर लगाना होता था।
इसी तरह सहसवान वाया नाधा बहजोई की बस का रात को सहसवान में ठहराव किया गया था। यह बस सुबह नाधा होते हुए बहजोई पहुंचती थी। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत से ही इन बसों को यात्री नहीं मिल रहे थे। दोनों मार्गों पर यात्री ऑटो-टेंपो से ज्यादा सफर करते हैं। बिसौली से आसफपुर का टेंपो में किराया 10 रुपये है जबकि रोडवेज बस का किराया 17 रुपये है। इससे यात्री ऑटो-टेंपो में सफर को तरजीह देते हैं। सहसवान वाली बस दिल्ली-बदायूं कर दी गई है और आसफपुर वाली बस को बदायूं-मुरादाबाद कर दिया गया है।
– शासन के निर्देशानुसार दोनों बसें लगाई गईं थीं लेकिन उनसे निगम को काफी घाटा हो रहा था। बसों को यात्री नहीं मिल रहे थे। इससे दोनों बसें बंद कर दी गई हैं। अगर यात्री मिलेंगे तो दोबारा शुरू किया जा सकता है। – धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम बदायूं डिपो