Budaun News: परिवहन निगम के चालक और परिचालक बर्खास्त
रविवार को सखानूं के नजदीक रोडवेज बस में बेटिकट मिले थे नौ यात्री
लखनऊ की टीम ने चेक की थी रोडवेज बस, संविदा पर तैनात थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिना टिकट यात्रियों को ले जाने वाले संविदा पर तैनात चालक और परिचालक को एआरएम धर्मेंद्र कुमार चौबे ने बर्खास्त कर दिया है। रविवार को चेकिंग के दौरान रोडवेज बस में नौ यात्री बिना टिकट मिले थे। इसके तहत एआरएम ने दोनों से स्पष्टीकरण मांगा था लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है।
यह मामला रविवार दोपहर का है। उस दिन बदायूं डिपो की रोडवेज बस जिला शाहजहांपुर के परौर जा रही थी। बस में कुल 58 यात्री सवार थे लेकिन उनमें 49 के ही टिकट बनाए गए थे जबकि नौ यात्रियों से किराया ले लिया गया था। उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। बताते हैं कि नौ यात्रियों में से पांच यात्री परौर, दो यात्री कलान और दो सखानूं जा रहे थे।
इसी दौरान लखनऊ की टीम ने सखानूं के नजदीक बस को रोक लिया था। जब बस की चेकिंग की गई तो उसमें नौ यात्रियों को बिना टिकट पाया गया।
इस संबंध में एआरएम ने चालक भगवानदास और परिचालक नीरज से स्पष्टीकरण मांगा था। उन्हें सोमवार तक का समय दिया गया था लेकिन किसी ने स्पष्टीकरण नहीं दिया। इसके तहत एआरएम ने चालक और परिचालक को नौकरी से निकाल दिया है। एआरएम ने बताया कि दोनों से स्पष्टीकरण मांगने के बाद भी उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया, जिस पर उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।