Budaun News: कार की टक्कर से ट्रॉली पलटी, एक की मौत, 19 लोग घायल

11बीडीएन64-दहगवां में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
– जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव नैनोल बागवाला के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव नैनोल बागवाला के पास अनियंत्रित कार और ट्रॉली में भिड़ंत हो गई। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि ट्रॉली पलट गई। हादसे में उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 19 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को दहगवां में शादी समारोह में शामिल होने के लिए सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नौशेरा के रहने वाले लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से आए थे। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे वह सभी अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान जरीफनगर थाना क्षेत्र में मेरठ हाईवे पर गांव नैनोल बागवाला के पास पीछे की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 60 वर्षीय मसलो पत्नी नेमपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को ट्राली के नीचे से निकाला।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार छोड़कर उसमें सवार लोग भाग गए। इस संबंध में एसएचओ जरीफनगर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि कार की टक्कर से ट्रॉली पलटी थी। ट्रॉली के नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई है। कई लोग घायल हुए हैं। कार चालक की तलाश की जा रही है।
यह लोग हुए घायल
ट्रॉली के नीचे दबने से बालिस्टर की 13 वर्षीय पुत्री सुमित्रा, रीता पत्नी राहुल, शिवम की दो वर्षीय पुत्री सारथी, तेजवती पत्नी कृपाल, संगीता पत्नी गुड्डू, रामपाल पुत्र दीप सिंह, माधुरी पत्नी शेरसिंह, हर्ष पुत्र बोगेश, लव पुत्र मनोज, सचिन पुत्र सत्यवीर, साक्षी पुत्री सत्यवीर, कृपाल पुत्र पुत्तन लाल,गुड्डी पत्नी बबलू, विनीता पत्नी सत्यवीर, शशि पत्नी धर्मेंद्र, अमन पुत्र दिनेश, नितिन पुत्र सत्यवीर, सीमा पत्नी अवनीश, माकुन पुत्र बबली निवासी गांव नौशेरा थाना सिविल लाइंस घायल हो गए। घायलों को दहगवां सीएचसी ले जाया गया, जहां से पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

11बीडीएन64-दहगवां में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार। संवाद

11बीडीएन64-दहगवां में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार। संवाद