Budaun News: फैजगंज बेहटा में बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत
आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में आसफपुर-दबतोरी मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। हादसे में मौत का शिकार हुए एक युवक की बहन की बृहस्पतिवार को शादी थी। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे आसफपुर निवासी 18 वर्षीय सरवन पुत्र मित्रपाल अपनी बहन की शादी की तैयारियों में लगा था। रात करीब 10 बजे उसकी बहन की बरात आनी थी। वह जरूरी कार्य से पड़ोसी गांव जा रहा था। इसी दौरान आसफपुर से दबतोरी जाने वाले मार्ग पर 26 वर्षीय गिरीश पुत्र वीरेंद्र निवासी गांव पुरवाखेड़ा थाना बिसौली की बाइक से उसकी बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी आसफपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने गिरीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सरवन को परिजन चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार को ही सरवन की बहन रानी की शादी थी। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।