Budaun News: जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्ष भिड़े, महिला समेत सात घायल
मल्लामई गांव का मामला, पथराव भी हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। गांव मल्लामई में पैतृक जमीन के बंटवारे के साथ एक पक्ष का रास्ता बंद हो जाने को लेकर परिवार के लोग आपस में भिड़े गए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे भी चले तो पथराव किया गया। जिसमें महिला समेत सात लोग घायल हो गए।
घटना बृहस्पतिवार शाम की है। मल्लामई निवासी रामवीर और उसके चाचा राजाराम के बीच पैतृक जमीन को बंटवारे की शुरुआत दो दिन पहले हुई। बंटवारे के साथ ही एक पक्ष के प्लॉट तक जाने का रास्ता बंद हो गया। इसी बात पर दोनों पक्षों में शाम को कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद राजाराम पक्ष के लोगों ने रामवीर के घर पर हमला कर दिया। मारपीट में रामवीर, दुर्वेश और हरिकिशन के अलावा उनकी बुजुर्ग मां मुन्नी देवी घायल हो गईं। बताते हैं कि बचाव में रामवीर के परिजनों ने छत से पथराव भी किया। पथराव में राजाराम और उसके दोनों बेटे अखिलेश और रतिराम घायल हो गए।
पथराव राजाराम पक्ष की ओर से भी किया गया। घायल रामवीर अपने भाइयों और और बुजुर्ग मां को लेकर कोतवाली आया। पुलिस ने चारों का रात में ही मेडिकल कराया। दुर्वेश और हरिकिशन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर से राजाराम और उसके दोनों बेटों का भी मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्ष के सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।