Budaun News: सड़क हादसों में दो युवकों की मौत

मृतक विकास का फाइल फोटो।
बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की जान चली गई। एक हादसा दिसौलीगंज और दूसरा हादसा वीरमपुर गांव के नजदीक हुआ। दोनों युवकों की बाइक वाहनों से टकराईं हैं।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर गौटिया निवासी विकास (25 वर्ष) शुक्रवार देर शाम बाइक से बिसौली लौट रहे थे। उसकी बाइक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर दिसौलीगंज के नजदीक पहुंची थी, तभी बदायूं की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे परिवार वाले विकास को बरेली ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे परिवार वालों ने जाम लगा दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर जाम भी खुलवा दिया। कार एक संविदा लाइनमैन की है। बताया जा रहा कि संविदा लाइनमैन गुलड़िया निवासी बबलू शहर से लौट रहा था। हादसे में उसको भी काफी चोटें आईं हैं। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया है।
इधर, बिसौली-इस्लामनगर रोड पर ग्राम वीरमपुर के नजदीक एक बाइक सवार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। उसकी पहचान सिद्धपुर कैथोली निवासी रामकुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना पर उसके परिवार वाले पहुंच गए। परिवार वाले रामकुमार को जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के दौरान कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।

मृतक विकास का फाइल फोटो।



