Budaun News: अरिल नदी में नहाने गए दो युवक डूबे, एक की मौत

अरिल नदी में डूबने से छात्र की मौत के बाद विलाप करते परिवार वाले।
– बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था सुरजीत, आर्मी में भर्ती होने की कर रहा था तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के नजदीक बह रही अरिल नदी में नहाने गए दो युवक डूब गए। उनमें एक युवक को सकुशल निकाल लिया गया लेकिन बीए द्वितीय वर्ष के छात्र सुरजीत की गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। उसके शव को खोजने में ही पुलिस और गोताखोरों को चार घंटे लग गए।
ग्राम रसूलपुर निवासी 22 वर्षीय सुरजीत पुत्र हुकुम सिंह दो भाइयों में छोटा था। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था और इस समय आर्मी में जाने की तैयारी कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुरजीत अपने गांव के युवक के साथ ट्रैक्टर का ट्यूब लेकर अरिल नदी में नहाने गया था।
बताते हैं कि जैसे ही दोनों युवक ट्यूब लेकर अरिल नदी में घुसे कि सुरजीत का साथी युवक डूबने लगा। उसने युवक को बचाने की कोशिश की। वह तो बच गया लेकिन सुरजीत के हाथ से ट्यूब छूट गया और वह अरिल नदी के तेज बहाव में बह गया। उस दौरान अरिल नदी किनारे और भी लोग मौजूद थे लेकिन उसका पानी देखकर किसी की नदी में कूदने की हिम्मत न हुई। सूचना पर गांव के तमाम लोग आ गए।
उन्होंने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी वहां पहुंच गई। तुरंत गोताखोरों को बुलाया गया और युवक की खोजबीन शुरू करा दी गई। शाम करीब चार बजे युवक का शव गांव से तीन सौ मीटर दूर झाड़ियों में अटका मिला। परिवार वाले उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भी ले गए लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अरिल नदी में डूबने से छात्र की मौत के बाद विलाप करते परिवार वाले।