Shahjahanpur News: फीडर के रूप में चिह्नित किए जाएंगे उच्च प्राथमिक विद्यालय, प्रभारी नामित
शाहजहांपुर। माध्यमिक व बेसिक विद्यालयों में नामांकन दर बढ़ाने के लिए एक से 31 जुलाई के बीच विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सापेक्ष उच्च प्राथमिक विद्यालय फीडर विद्यालय के रूप में चिह्नित किए जाएंगे।
जिले में 90 राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सापेक्ष 80 उच्च प्राथमिक विद्यालय फीडर विद्यालय के रूप में चिह्नित किए जाने है। अन्य उच्च प्राथमिक विद्यालयों का माध्यमिक विद्यालयों के साथ समन्वय भी सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक ट्रांजिशन रजिस्टर बनाया जाएगा, जिसमें कक्षा आठ उत्तीर्ण समस्त छात्र-छात्राओं का पूर्ण विवरण अंकित किया जाएगा।
साथ ही कक्षा नौ में संबंधित छात्र-छात्रा के नामांकन की स्थिति भी उल्लिखित की जाएगी। चिह्नांकन के लिए 15 जुलाई तक का समय दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा से विकास खंडवार 16 विकास खंड प्रभारी नामित किए गए हैं। सभी विकास खंड प्रभारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी संयुक्त रूप कार्य करेंगे।
डीएम उमेश प्रताप ने दिए नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश
बेसिक के कक्षा आठ उत्तीर्ण विद्यार्थियों का माध्यमिक के कक्षा नौ में नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश डीएम उमेश प्रताप सिंह ने दिए हैं। इसकी जिम्मेदारी प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, नामित विकास खंडवार प्रभारी (विशेष नामांकन अभियान) तथा प्रधानाचार्यों की होगी। इसके साथ ही विशेष नामांकन अभियान के सफल संचालन को विकास खंडवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाओं के आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रेरणा ऐप पर भरी जाने वाली सूचनाओं में कमियों के तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस हरवंश कुमार ने बताया कि कक्षा आठ उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 61045 है, इनके सापेक्ष अब तक कक्षा नौ में 27331 नामांकन हो सके हैं। 33714 का नामांकन कराया जाना बाकी है।