Budaun News: मनरेगा कार्यों की प्रगति से नाखुश डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में मनरेगा के कार्यों की समीक्षा की। कहा कि सभी बीडीओ और एपीओ समग्रता, सक्रियता और सजगता के साथ कार्य करें। काम में सुधार लाएं, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने मनरेगा के कार्यों से असंतोष जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मानव दिवस सृजन, जियो टैगिंग, एनआरएमए पर व्यक्तिगत लाभार्थी पर कार्यों की प्रगति, मिशन अमृत सरोवर आदि कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के रोजगार दिवसों को सर्जित किया जाए। आवासों के मस्टररोल जारी करें। ध्यान रखें करें कि मस्टररोल में ब्रेक न हो। उन्होंने महिला मानव दिवस के सृजन करने के लिए कहा।
वहीं, छुट्टा पशुओं को लेकर बीडीओ को गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि छुट्टा पशु सड़क पर नजर नहीं आने चाहिए। सीडीओ केशव कुमार ने कहा की मिशन अमृत सरोवर तहत जिले में 0.405 हेक्टेयर से अधिक अर्थात एक एकड़ से अधिक के रकबा को चिह्नित किया गया, जो खतौनी में तालाब के रूप में दर्ज हो। उन्होंने बताया कि जनपद में 1037 ग्राम पंचायत हैं, हर ग्राम पंचायत में एक-एक अमृत सरोवर बनाया जाना है। डीसी मनरेगा राम सागर यादव, सीवीओ डॉ. निरंकार सिंह आदि मौजूद रहे।