Budaun News: बिसौली नगर पालिका बोर्ड की बैठक में हंगामा, ईओ के गार्ड ने सभासदों पर तानी पिस्टल

सभागार के बाहर हंगामा करते सभासद, संवाद
बिसौली। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में ईओ के एक घंटा देरी से आने पर सभासदों ने नाराजगी जताई। आरोप है कि जब सभासदों ने उनसे देरी से आने की वजह पूछी तो ईओ भड़क गए और अभद्र व्यवहार करने लगे। सभासदों ने विरोध किया तो ईओ का निजी गार्ड पिस्टल लेकर सदन में घुस आया। उसने सभासदों पर पिस्टल तान दी। इस पर सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। करीब दो घंटे तक सदन में हंगामा होता रहा।
शनिवार को नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे बुलाई गई थी। सभी सभासद समय पर पहुंच गए लेकिन ईओ शैलेंद्र सिंह नहीं आए। एक घंटे इंतजार करने के बाद जब ईओ बोर्ड की बैठक में पहुंचे तो सभासदों ने नाराजगी जताते हुए देरी की वजह पूछी। आरोप है कि इससे ईओ भड़क गए। उन्होंने तल्खी भरे लहजे में सभासदों को जवाब देना शुरू किया तो हंगामा होने लगा।
दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। आरोप है कि इसी बीच ईओ का निजी गार्ड मोहित पिस्टल लेकर सदन में घुस आया। सभासदों इसका विरोध करते हुए ईओ से माफी मांगने को कहा। आरोप है कि इसी बीच गार्ड ने सभासदों पर पिस्टल तान दी। इस पर सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सदन से बाहर निकल आए।
इसी बीच ईओ बिल्सी में मीटिंग होने की बात कहकर खिसक लिए। सभासदों ने पूरी घटना कार्यवाही रजिस्टर में दर्ज करा दी। इस दौरान अभीक्ष पाठक, रहीस अहमद, कृष्णा गुप्ता, दीपक पाठक, सौरभ भिल्ला, तरुण शर्मा, आशुतोष पाठक, ज्योति कुमारी, अमरपाल, शाकिर, नरगिस आदि सभासद मौजूद रहे।
सभासदों का आरोप, गार्ड ने दी जान से मारने की धमकी
सभासदों का आरोप है कि ईओ के गार्ड मोहित ने पिस्टल तानकर सभासदों को गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद सभासदों ने उसे धक्का देकर सदन से बाहर निकाल दिया। ईओ के फोन पर चौकी इंचार्ज जोगराज सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मोहित से पूछा कि लाइसेंस किसके नाम हैं तो पता चला कि लाइसेंस ईओ के नाम है। पुलिस के सवाल करने पर मोहित वहां से चकमा देकर खिसक गया। सभासदों का आरोप है कि ईओ की अनुपस्थिति में मोहित उनकी कुर्सी पर भी बैठकर कर्मचारियों को धमकाता हैं। सभासदों ने पुलिस से इस घटना पर नाराजगी जताई। इसके बाद सभासद कोतवाली पहुंचे और मोहित के खिलाफ तहरीर दी। चेयरमैन अबरार अहमद ने सभासदों को शांत किया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर एसडीएम के पास जांच के लिए भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई होगी।
ईओ बोले- सीसीटीवी फुटेज दिखवा लें
जब ईओ शैलेद्र सिंह से गार्ड के पिस्टल लेकर सदन में घुसने के बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखवा लें। मीडियाकर्मियों ने ईओ से पूछा कि मोहित उनका ड्राइवर है या गार्ड और पिस्टल किसके नाम है तो वह बोले- आपसे इसका क्या मतलब, यह पुलिस का काम है।

सभागार के बाहर हंगामा करते सभासद, संवाद


