Budaun News: दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात की मौत, हंगामा

महिला की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
परिवार वालों ने अस्पताल स्टाफ पर लगाया लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार रात एक नवजात की मौत हो गई, जिसपर परिवार वालों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। सुबह चार बजे तक हंगामा होता रहा। बाद में स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने ही उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में परिवार वाले नवजात के शव को घर ले गए।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी सोनी पत्नी सोनू शर्मा काफी समय से अपने मायके दातागंज में रह रहीं हैं। परिवार वालों के मुताबिक उन्होंने शुक्रवार दोपहर सोनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज में भर्ती कराया। सोनी की तबीयत ज्यादा खराब थी। आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद स्टाफ नर्स ने उसकी डिलीवरी कराने के 2700 रुपये लिए।
रात करीब 11 बजे सोनी ने एक लड़के को जन्म दिया। इससे परिवार वाले काफी खुश थे लेकिन उनकी खुशियां चार घंटे बाद ही गम में बदल गईं। परिवार वालों का आरोप है कि स्टाफ की लापरवाही से रात करीब तीन बजे नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिवार वालों ने हंगामा किया। सुबह करीब चार बजे तक हंगामा चलता रहा।
परिवार वालों ने स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि जब सोनी की तबीयत ज्यादा खराब थी तो स्टाफ को बताना चाहिए था, जिससे वह अपनी मरीज को दूसरे अस्पताल में ले जाते। कम से कम नवजात की जान तो बच जाती। बाद में स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर और स्टाफ ने उन्हें समझाया। तब कहीं परिवार वाले शांत हुए। वह सुबह नवजात के शव को घर ले गए।