Budaun News: उसावां के युवक ने नोएडा में छात्रा से किया दुष्कर्म
बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने नोएडा में अनुसूचित जाति की छात्रा को शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। छात्रा गर्भवती हुई तो गर्भपात करवा दिया। इसके बाद छात्रा को छोड़कर गांव लौट आया। युवक की शादी की भनक लगते ही पीड़ित छात्रा हरदोई से उसावां थाने पहुंची और तहरीर दी।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव नवीगंज का रहने वाला युवक नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। साथ में ही हरदोई की रहने वाली छात्रा भी काम करती थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई तो युवक ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। छात्रा ने कहा कि वह अनुसूचित जाति से है, इसलिए तुम्हारे परिजन उसे स्वीकार नहीं करेंगे। छात्रा काफी दिनों तक उसके झांसे से बचती रही। इसी बीच युवक ने कहा कि उसने अपने परिवार वालों से बात कर ली है, वह शादी के लिए तैयार हैं।
छात्रा उसकी बातों में आ गई। इसके बाद उसने छात्रा को अपने कमरे पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी बीच छात्रा जब गर्भवती हुई तो युवक ने उसका गर्भपात करा दिया। फरवरी में छात्रा को कमरे पर ही छोड़कर युवक नोएडा से अपने गांव नवीगंज चला आया। तब से वापस नोएडा नहीं गया। इस दौरान छात्रा ने उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
मंगलवार को छात्रा को गांव के ही एक युवक ने जानकारी दी कि उसके प्रेमी की शादी हो रही है। छात्रा अपने परिजनों के साथ उसावां थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। उसने पुलिस को बताया कि उसको शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया है। इस संबंध में एसओ रामेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल घटनाक्रम नोएडा का है। फिर भी अपने स्तर से जांच कराई जा रही है।
युवक के परिजन छात्रा को मान चुके थे पुत्रवधू, वीडियो वायरल
गर्भपात कराने के बाद युवक ने छात्रा से दूरी बना ली थी। किसी तरह छात्रा को युवक के घर का पता चल गया तो वह सीधे उसे गांव पहुंच गई। उसने घर में हंगामा किया तो युवक के माता-पिता ने उसको अपनी पुत्रवधू मान लिया। इसके बाद युवक भी छात्रा को कई बार गांव ला चुका था। पुत्रवधू मानने का वीडियो भी बुधवार को वायरल हुआ है।