Budaun News: शादी में दूल्हा-दुल्हन का हर्ष फायरिंग करते वीडियो वायरल

09बीडीएन25-शादी के दौरान फायरिंग करते दुल्हा-दुल्हन।(वायरल वीडियो का फोटो)
– वीडियो अपलोड करने वाले युवक को तलाश रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन का हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो जिस युवक की फेसबुक आईडी पर अपलोड किया गया है, उसकी तलाश भी की जा रही है, ताकि पता चल सके कि यह वीडियो कब और कहां का है।
मंगलवार को वायरल हुए वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि शादी समारोह में जयमाल के दौरान दूल्हा लाइसेंसी रायफल से फायर कर रहा है। इसके बाद वह दुल्हन से भी फायर करवा रहा है। कुछ लोग उसको फायरिंग करने से मना कर रहे हैं, लेकिन दूल्हे पर शादी की खुशी इस कदर सवार थी कि वह किसी के मना करने पर भी नहीं मान रहा है।
स्टेज पर कुछ लोग उसको इशारा भी कर रहे हैं कि पंडाल के ऊपर छत तो नहीं है, जहां से गोली वापस आ सकती हो। वायरल वीडियो में दूल्हा पहले खुद और बाद में दुल्हन से भी ट्रिगर दबवाते हुए दिख रहा है। अरविंद राजपूत, दातागंज के नाम से बनी फेसबुक आइडी पर यह वीडियो अपलोड किया गया है।
इस संबंध में एसपी सिटी एके श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। वीडियो जिस फेसबुक आईडी पर अपलोड किया गया है उससे पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कब और कहां का है। वीडियो यहां का है तो आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



