Budaun News: छत के गिरकर घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत
उझानी (बदायूं)। कछला में बीमार बुआ के घर रहस्यमय ढंग से घायल बिनावर के देवराज उर्फ दुर्गपाल की राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रविवार तड़के मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बुआ के परिजनों पर मारपीट, जीभ काटने के साथ दांत तोड़ देने का आरोप लगाते हुए तीन दिन पहले ही नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। देवराज की मौत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
50 वर्षीय देवपाल उर्फ दुर्गपाल बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बरी समसपुर के निवासी थे। तीन दिन पहले पत्नी पुष्पा देवी की ओर से दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, पति की बुआ रामबेटी कछला में रहती हैं। रामबेटी ने पहले पति गंगाराम के निधन के बाद कछला के हाकिम सिंह से शादी कर ली थी। पिछले दिनों रामबेटी बीमार हो गईं। दो जून को देवराज के पास फोन आया था कि बुआ बीमार हैं, सो देख जाएं। इसके बाद पत्नी पुष्पा से 4500 रुपये लेकर देवराज कछला गए। उसी दिन देर रात किसी ने पुष्पा को फोन कर बताया कि देवराज छत से गिरकर घायल हो गए हैं। रिश्तेदारों ने देवराज को रात में ही मेडिकल कॉलेज भर्ती में करा दिया था।
आरोप है कि अगले दिन पुष्पा जब घायल पति को देखने मेडिकल कॉलेज पहुंचीं तो देवराज के चेहरे पर चोट, जीभ कटी और दांत टूटे नजर आए। देवराज को जान से मारने की नीयत से पीटने का पुष्पा ने आरोप लगाया तो उनके पास मौजूद रामू, उसकी पत्नी मुन्नी, शिवसिंह और उसकी पत्नी कुसुमा खिसक गए।
पुष्पा और उसके बेटे ने देवराज का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भी इलाज कराया। दो दिन पहले हालत में सुधार होने पर फिर से यहां मेडिकल कॉलेज ले आईं। तड़के मौत की सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के बेटों समेत रिश्तेदारों से जानकारी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुष्पा ने नौ जून को एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा था। उसी दिन शाम पुष्पा की ओर से रामू, मुन्नी, शिवसिंह और कुसुमा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
सड़क हादसे में घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत
बिल्सी। थाना क्षेत्र में दो जून की शाम हुए सड़क हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसमें दो युवकों ने बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गांव जरसैनी निवासी विकास कुमार (23) पुत्र रामबाबू और धर्मवीर पुत्र बनवारी लाल दो जून की शाम अपनी रिश्तेदारी रुपपुरा गांव से दावत खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से क्षेत्र के गांव बमेढ़ निवासी उदयवीर सिंह (25) पुत्र रामफल और भानुप्रताप सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बांस बरोलिया गांव के पास पंंहुची। तभी तेज गति से दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से उदयवीर सिंह और विकास कुमार को बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के निजी अस्पताल में विकास और उदयवीर की इलाज के दौरान मौत हो गई। संवाद