Budaun News: प्रस्तावित पुलिया की चौड़ाई कम, ग्रामीणों का विरोध

दातागंज कोतवाली क्षेत्र में अकट और कुड़रा मझरा के बीच एक्सप्रेस-वे किनारे भरा पानी, यहीं पर बना
गंगा एक्सप्रेसवे के तहत होगा निर्माण, लोगों की नजर में नहीं होगा बाढ़ का खतरा कम
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। गंगा एक्सप्रेसवे के तहत होने वाले दो पुलियों के निर्माण से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि इनकी चौड़ाई काफी कम है। इससे बाढ़ आने पर कोई लाभ नहीं होगा।
तहसील क्षेत्र के गांव अकट, कुड़रा मझरा, जलेबी नगला, नगला सुखपाल सिंह, उघौ नगला और शाहजहांपुर जिले के बरी, प्रसिद्धपुर और रपड़ा आदि गांव बारिश के दिनों में हमेशा बाढ़ प्रभावित रहते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को कई समस्याओं से जूझना पड़ता है। घर ढह जाते हैं तो फसल तबाह हो जाती है। इस साल भी यह गांव बाढ़ प्रभावित रहे। स्थिति इतनी खराब रही कि अब तक अकट और कुडरा मझरा के नजदीक आधा किलोमीटर से ज्यादा इलाके में बाढ़ का पानी भरा हुआ है।
यहां बता दें कि यहीं से गंगा एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। जब से गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण शुरू हुआ है तब से इलाके में और ज्यादा जलभराव है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां एक नाला बह रहा है तो नजदीक में तालाब भी है। यहां बारिश के दौरान करीब डेढ़ किलोमीटर इलाके में जलभराव हो जाता है, जो इस समय भी है।
ऐसे में अब ग्राम अकट और कुडरा मझरा के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे के तहत दो पुलियों का निर्माण करवाया जाना है। नाले पर एक पुलिया करीब 33 फुट चौड़ी तो तालाब के नजदीक नौ फुट चौड़ी पुलिया बनवाई जाएगी। कुड़रा मझरा के प्रधान तपन सिंह का कहना है कि एक्सप्रेस-वे के तहत जिस चौड़ाई में पुलियाें का निर्माण हो रहा है। उसके हिसाब से बाढ़ का पानी नहीं निकल सकता।
जब तक पानी निकलेगा, तब तक क्षेत्र के सभी गांव बाढ़ में डूब जाएंगे। इस संबंध में उन्होंने बरी प्रसिद्धपुर के प्रधान हरीश कुमार, अकट के प्रधान अतेंद्र के साथ एसडीएम से शिकायत भी की है।
–
सड़क काटकर निकाला गया था बाढ़ का पानी
इस साल भी बाढ़ के पानी से कई गांव डूब गए थे। ग्रामीणों ने हालात देखकर गंगा एक्सप्रेसवे की सड़क को ही काट डाला था। तब कहीं बाढ़ का असर कम हुआ था। इसके बावजूद ग्रामीणों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिर भी इलाके में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
–
तहसील क्षेत्र के कुछ प्रधानों ने गंगा एक्सप्रेस-वे के तहत बनाई जाने वाली पुलियों के बारे में शिकायत की है। उनका कहना है कि पुलियों की चौड़ाई कम है, जिससे बाढ़ से और खतरा हो सकता है। प्रधानों की शिकायत पर तकनीकी मुआयना कराया जाएगा। उसके बाद ही पुलियों की चौड़ाई तय कर निर्माण कराया जाएगा।
– धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज

दातागंज कोतवाली क्षेत्र में अकट और कुड़रा मझरा के बीच एक्सप्रेस-वे किनारे भरा पानी, यहीं पर बना



