Budaun News: अंडरपास बनवाने को ग्रामीणों ने गंगा एक्सप्रेस-वे का काम रुकवाया

26बीडीएन42- गंगा एक्सप्रेस-वे पर ग्रामीणों को समझाते तहसीलदार। संवाद
– तहसीलदार सदर और कुंवरगांव इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे, ग्रामीणों को समझाया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव (बदायूं)। मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर ग्रामीणों ने अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर काम रुकवा दिया। उन्होंने बुधवार दोपहर बिहारीपुर गौटिया के नजदीक प्रदर्शन किया और वहां अंडरपास बनवाने की मांग की। इसकी सूचना पर पहुंचे तहसीलदार सदर और इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों को बमुश्किल समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
बुधवार दोपहर के समय बिहारीपुर गौटिया के नजदीक आसपास के तमाम गांव के लोग जमा हो गए। उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव को आने जाने का मुख्य रास्ता था। जो गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण से बंद हो रहा है। वह कई बार यहां अंडरपास बनवाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक किसी ने अंडरपास बनवाने का आश्वासन नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि अगर अंडरपास नहीं बना तो उनके गांव आने-जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। यह रास्ता उनके गांव का इकलौता रास्ता है। अगर यही नहीं बचा तो ग्रामीणों का कुंवरगांव और बदायूं शहर तक आने जाने का रास्ता बंद हो जाएगा।
इसकी सूचना पर एक्सप्रेस वे के इंजीनियर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों की बात सुनी। इंजीनियर ने बताया कि पड़ोसी गांव भैंसामई के नजदीक एक अंडरपास बन रहा है। भैंसामई यहां से करीब दो सौ मीटर दूर है। वहां तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों का रास्ता बनवाया जाएगा। इससे ग्रामीणों को कोई समस्या नहीं होगी। ग्रामीणों ने उनकी बात नहीं मानी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर तहसीलदार सदर करनवीर सिंह, इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम,
कानून-गो प्रभान सिंह, हल्का लेखपाल पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। करीब दो घंटे तक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य ठप पड़ा रहा।
– वहां एक किलोमीटर के दायरे में दो अंडरपास बन रहे हैं। अब वहां तीन अंडरपास नहीं बनाए जा सकते। एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है, उसके हिसाब से अंडरपास बनाए जा रहे हैं।
– करनवीर सिंह, तहसीलदार सदर

26बीडीएन42- गंगा एक्सप्रेस-वे पर ग्रामीणों को समझाते तहसीलदार। संवाद