बदायूं

Budaun News: मौसम ने ली करवट, ठंड से ठिठुरे लोग

Connect News 24

Fog increases melting... Be prepared to face cold this week

मंगलवार को छाया घना कोहरा। संवाद

बदायूं। दिसंबर जाते-जाते मौसम ने करवट ली। मंगलवार को सुबह से छाए कोहरे ने गलन बढ़ा दी तो दृश्यता में भी कमी आई। मौसम विज्ञानी का कहना है कि सप्ताह के अंत में कोहरा मुश्किल बढ़ाएगा। शीतलहर चलेगी, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।

इस बार दिसंबर में वैसी ठंड नहीं पड़ी जैसा अनुमान जताया जा रहा था। कुछ ही दिन धूप नहीं निकली तो शीतलहर का एहसास जरूर हुआ लेकिन बाकी दिन धूप निकलने के कारण ठंड का एहसास नहीं हुआ।

बता दें कि पिछले साल इन्हीं दिनों में खासा कोहरा पड़ा था, जिस कारण काफी ठंड रही थी। अब जबकि दिसंबर खत्म होने को है तो मंगलवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिस कारण दृश्यता काफी कम रही। ऐसे में वाहन चालकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों को उम्मीद थी कि नौ-दस बजे तक तेज धूप निकल आएगी लेकिन दिन में करीब एक बजे हल्की धूप निकली, जिसका असर दिखाई नहीं दिया।

कोहरे के कारण गलन बढ़ गई और शाम होते-होते शीतलहर भी चलने लगी। इससे सोमवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में भी कमी देखी गई। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया था वहीं मंगलवार को यह एक डिग्री से ज्यादा लुड़क गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया।

हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री था जो मंगलवार को 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, बुधवार को धूप निकलने के आसार हैं लेकिन इसके बाद कोहरा छाएगा। इसके बाद पूरे हफ्ते ही कोहरा रहेगा। बीच-बीच में धूप निकल सकती है लेकिन शीत लहर चलने से ठंड में इजाफा होगा।

दिन में भी फुल जैकेट और स्वेटर के बिना नहीं चला काम

अब तक दिन में धूप निकलने के कारण काफी संख्या में लोग हाफ स्वेटर और जैकेट मे नजर आ रहे थे। कई युवा तो गर्म टीशर्ट या फुल शर्ट पहने घूमते दिखाई दे रहे थे लेकिन मंगलवार को सर्दी के कारण लोग फुल स्वेटर और जैकेट में नजर आए तो ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग शॉल आदि ओढ़े भी दिखे। ऐसे में लोगों ने अलाव का भी सहारा लिया। रात होते-होते ठंड और बढ़ गई।

आलू को हो सकता है नुकसान

जिला कृषि अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि गेहूं, मटर, चना, मसूर, सरसों आदि की फसलों का फायदा पहुंचेगा। हालांकि कोहरे की वजह से आलू को नुकसान हो सकता है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button