बदायूं

Budaun News: मौसम का मिजाज बिगड़ा तो डेढ़ गुना बढ़ गए वायरल संक्रमण के रोगी

Connect News 24

When the weather changes, the number of viral infection patients increases by one and a half times.

जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने को लाइन में खड़े मरीज। संवाद

बदायूं। मौसम का मिजाज बिगड़ने से वायरल संक्रमण के रोगी डेढ़ गुना तक बढ़ गए हैं। एक दिन के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की ओपीडी खुली तो मरीजों की लाइन लग गई। पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और एक्स-रे व खून की जांच कराने के लिए मरीजों को एक से दो घंटे तक लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में 3350 मरीजों ने पर्चा बनवाकर दवा ली। इनमें अधिकांश मरीज सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर के रहे।

सोमवार को जिला अस्पताल में घंटे भर खड़े रहने के बाद जैसे-तैसे मरीजों का पर्चा बना। उसके बाद डॉक्टर के चेंबर के सामने लाइन में खड़ा होना पड़ा। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और खून की जांच कराने के लिए भी लाइन लगानी पड़ी। जिला अस्पताल में सामान्य दिनों में सात सौ से आठ सौ तक की ओपीडी रहती है, लेकिन मौसम बिगड़ने से मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

सोमवार सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जिला अस्पताल में 1130 मरीजो ने पर्चे बनवाकर ओपीडी में डाॅक्टरों को दिखाया। इनमें सांस, सर्दी-बुखार के मरीजों के साथ खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक रही। तमाम मरीज वायरल संक्रमण से पीड़ित थे। इमरजेंसी में भी गंभीर मरीजों की भीड़ रही।

इधर, महिला अस्पताल में रोजाना 200 से 250 तक मरीज आ रहे थे, लेकिन मौसम बदलने के साथ ही यहां भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। खासकर बच्चे ज्यादा आ रहे हैं। सोमवार को 350 मरीजों ने पर्चा बनवाकर दवा ली। महिलाओं में सर्दी जुकाम के साथ वायरल संक्रमण के लक्षण मिल रहे हैं। बच्चों में निमोनिया का असर दिखाई दे रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप वार्ष्णेय के अनुसार, इस समय बच्चों को सर्दी ज्यादा परेशान कर रही है। वायरल संक्रमण का असर भी बच्चों में दिखाई दे रहा है।

मेडिकल कॉलेज में पहुंचे 1870 मरीज

मेडिकल कॉलेज में अमूमन एक हजार के आसपास मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, लेकिन मौसम में बदलाव के चलते सोमवार को मरीजों की संख्या में एकाएक इजाफा हो गया। सोमवार को सुबह आठ बजे से दो बजे तक 1870 मरीजों ने पंजीकरण कराने के बाद ओपीडी में डाॅक्टरों से दवा ली।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button