Budaun News: डीएम कार्यालय पर महिला ने किया हंगामा, पुलिस ले गई थाने

कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के बाहर हंगामा करती महिला को समझाती महिला पुलिसकर्मी। संवाद
बदायूं। सोमवार को डीएम कार्यालय पर एक महिला जोर-जोर से चीख रही थी कि कोतवाली पुलिस उसके भाई को बेवजह उठा ले गई है। तब से वह कई चक्कर कोतवाली के लगा चुकी है, लेकिन पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही। जब उसके भाई के बारे में मालूमात की गई तो कहीं कोई मामला नहीं निकला। काफी देर हंगामे के बाद महिला पुलिस उसे थाने ले गई।
महिला रामपुर जिले की रहने वाली है। वह काफी समय से बड़ी ज्यारत में रह रही है। वह सोमवार को अपना झोला आदि लेकर डीएम कार्यालय पर पहुंच गई। उसका हुलिया मानसिक मंदित महिलाओं की तरह लग रहा था। इसलिए पुलिस कर्मियों ने उसे डीएम कार्यालय के गेट पर ही रोक लिया। समस्या पूछी तो उसने बताया कि पंद्रह दिन पहले कोतवाली पुलिस उसके भाई को उठा ले गई थी, तब से अब तक उसकी कुछ पता नहीं चल रहा है। वह कई बार कोतवाली भी गई, लेकिन वहां पुलिसकर्मियों ने उसकी एक नहीं सुनी। परेशान होकर वह डीएम कार्यालय आई है।
उसकी बात सुनकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने कोतवाली पुलिस से संपर्क कर मामले के बारे में जानकारी की। पता चला कि ऐसा कोई मामला नहीं है। महिला काफी देर तक डीएम कार्यालय के बाहर चीखती चिल्लाती रही। उसको मानसिक मंदित मानते हुए महिला थाना पुलिस को बुलाया गया। महिला पुलिस ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। वह महिला पुलिस कर्मियों से तक उलझ गई। फिर जबरन पुलिस उसे महिला थाने ले गई, वहां से उसे बड़ी ज्यारत छुड़वा दिया गया।