Pilibhit News: निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में मिले अधूरे कार्य, जताई नाराजगी

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण। संवाद
अतिरिक्त मजदूर लगाकर समय से काम पूरा कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने मंगलवार को निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को अतिरिक्त मजदूर लगाकर समय से अधूरे कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने टाइल्स के कार्य को देखा और उसकी गुणवत्ता परखी। लेक्चर रिसर्च लैब, रिसेक्शन हाल, लेक्चर थियेटर, बायो केमिस्ट्री, लाबी, कोरीडोर, टाइप-4 आवास, सीसीटीवी जोन रूम, एलओपी सहित अबतक कराए गए कार्यों को देखा। निरीक्षण के दौरान आधे अधूरे कार्य पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते कार्यों को तेजी से कराने के निर्देश दिए।
ब्रिक से बनाई गई दीवारों में मसाला भरने व प्लास्टर के कार्य में फिनिशिंग लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में शौचालय व्यवस्था भी देखी। चेतावनी देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण की गुणवत्ता की अनदेखी की गई तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में विद्युत कनेक्शन, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं व समस्त कार्य पूर्ण कराएं। जिससे कि सत्र 2023-24 एकेडमिक सेशन में यहां पठन-पाठन शुरू कराया जाए।