Budaun News: महिला की संदिग्ध हालात में मौत, सीएचसी के बाहर छोड़ गया था ई-रिक्शा चालक
बिसौली (बदायूं)। नगर के एक फल कारोबारी की 45 वर्षीय बीवी आसिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार शाम एक ई-रिक्शा चालक उसे बेहोशी की हालत में स्वास्थ्य केंद्र के बाहर छोड़ गया था। एक कर्मचारी ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया था। देर रात उसे जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा था, तभी उसकी मौत हो गई।
आसिया नगर के मोहल्ला पठानटोला निवासी मुसर्रत की पत्नी थी। मूल रूप से बिहार की रहने वाली आसिया सात साल पहले अपने पति को छोड़कर बिसौली आई थीं। यहां उन्होंने मुसर्रत से निकाह कर लिया था। मंगलवार शाम आसिया घर से निकली थीं। दो-तीन घंटे तक लौटकर नहीं आई तो उनके बच्चे परेशान हो गए। वह मोहल्ले में रोते हुए उन्हें तलाशते घूम रहे थे।
मोहल्ले वालों के मुताबिक, मुसर्रत मुंबई में रहकर फल का काम करता है। देर शाम उसे एक ई-रिक्शा चालक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर छोड़ गया। कुछ देर बाद एक कर्मचारी बाहर आया तो उसने महिला को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। नजदीक ही विषाक्त पदार्थ का खाली पाउच पड़ा था। कर्मचारी ने ही उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन देर रात हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही थी तभी उनकी मौत हो गई। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया हैै।