Budaun News: झोलाछाप के इलाज से महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
मुजरिया के गांव सिरकी खेड़ा की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजरिया (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव सिरकी खेड़ा में झोलाछाप के इलाज से महिला की मौत हो गई। परिवार वालों ने झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार वालों ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है।
ग्राम सिरकी खेड़ा निवासी बबली (25) पत्नी महिपाल को बृहस्पतिवार शाम अचानक पेट में दर्द हुआ। धीरे-धीरे दर्द बढ़ता चला गया। इससे महिला और उसके परिवार वाले परेशान हो गए। देर शाम परिवार वाले महिला को कौल्हाई के एक झोलाछाप के यहां ले गए। उसे दवा दिलाई। कुछ देर वहां भर्ती भी रखा गया लेकिन बाद में झोलाछाप ने उसे घर भेज दिया।
परिवार वालों का कहना है कि झोलाछाप की दवा खाने के कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ गई और फिर उसकी मौत हो गई। इससे परिवार वालों ने अपने घर पर ही झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बाद में महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला के पति ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है तो इंस्पेक्टर रेनू सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मुजरिया स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों के लिए कोई सुविधा नहीं है। इससे लोग अपने मरीजों को झोलाछाप के यहां ले जाने के लिए मजबूर हैं।