बदायूं

Budaun News: कादरचौक थाने में युवक ने की आत्महत्या की कोशिश

Connect News 24

– गांव के बाहर से पकड़कर लाई थी पुलिस, कच्ची शराब में दर्ज की थी एफआईआर

– हवालात के अंदर फंदा लगाकर उठाया आत्मघाती कदम, मामला दबाने में जुटी रही पुलिस

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं/कादरचौक। कादरचौक थाने में कच्ची शराब बेचने के आरोप में पकड़कर लाए गए युवक ने हवालात के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पहरे पर तैनात पुलिसकर्मी की नजर उस पर पड़ी तो आनन-फानन में उसको जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरा मामला दबाने में जुटी है।

शुक्रवार को शाम पांच बजे पुलिस ने कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव सिवाया हामिदपुर निवासी 33 वर्षीय सर्वेश पाल पुत्र जयराम को गांव के बाहर से ही पकड़ा था। पुलिस उसको लेकर थाने आई और उसको छोड़ने के नाम पर सौदेबाजी करती रही। बाद में पुलिस ने उसको हवालात में बंद कर दिया। पुलिस ने उसके पास से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद होने की फर्द तैयार की।

शुक्रवार की रात करीब दो बजे सर्वेश ने हवालात के अंदर ही चादर फाड़कर फंदा बनाया और फंदे से गले को दबाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसकी चीख निकली तो पहरे पर तैनात पुलिसकर्मी के होश उड़ गए। आनन-फानन में हवालात का ताला खोलकर उसके गले से फंदा हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना न देते हुए उसको सीएचसी पर दिखाया, जहां से हालत गंभीर होने की बात कहते हुए उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उसका मेडिकल परीक्षण करने के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि सर्वेश को अवैध शराब में पकड़कर लाया गया था। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उसने हवालात में फंदा लगाया इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आरोपी पर लूट, हत्या जैसे कई संगीन धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।

पांच दिन पहले उघैती थाने में भी आरोपी ने किया था आत्महत्या का प्रयास कादरचौक थाने की हवालात में आत्महत्या का प्रयास करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले उघैती थाने के अंदर शौचालय में भी एक वारंटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दुष्कर्म के मामले में वारंट जारी होने पर पकड़कर लाए गए वारंटी पन्नालाल से भी छोड़ने के नाम पर दस हजार रुपये मांगे गए थे। उसके परिजनों ने पैसे देने से इन्कार किया तो पन्नालाल का पुलिस हिरासत में उत्पीड़न किया गया था। इस वजह से उसने शौचालय में ही अपने अंगोछे से फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसको बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button