Budaun News: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

मृतक प्रेम का फाइल फोटो।
बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह भटपुरा और सैंडोला के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय प्रेम उर्फ प्रियांशु की मौत हो गई। वहीं, उसका 16 वर्षीय दोस्त ओमेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया है।
कस्बा मुड़िया धुरेकी निवासी प्रेम पुत्र मनीष गुप्ता और उसका दोस्त ओमेंद्र उर्फ कल्लू पुत्र सतीश मिश्रा सोमवार सुबह घरेलू सामान खरीदने बाइक पर बिसौली आ रहे थे। उस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। बताते हैं कि उनकी बाइक भटपुरा और सैंडोला के बीच पहुंची थी, तभी सामने से आए किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे प्रेम के सिर में गहरी चोट आई, जबकि ओमेंद्र को सीने में चोट लगी। दोनों लोग सड़क पर पड़े हुए थे। उधर से निकल रहे लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां डॉक्टर ने प्रेम को मृत घोषित कर दिया। ओमेंद्र को जिला अस्पताल भेजा गया था। गंभीर हालत देखकर उसे बरेली रेफर कर दिया गया है। प्रेम दो भाइयों में बड़ा था। उसकी एक बहन है।



