बदायूं

Budaun News: हाईटेंशन लाइन से सरिया छू जाने पर युवक की करंट से मौत

Connect News 24

Young man dies of electrocution after touching high tension line bars

मृतक शाहरुख का फाइल फोटो।

सहसवान (बदायूं)। कस्बे में हाईटेंशन लाइन से सरिया छू जाने से एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हाईटेंशन लाइन से लगातार हादसे होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। सितंबर में भी एक युवक की हाईटेंशन लाइन टूटने से मौत हो गई थी। तब ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने हाईटेंशन लाइन के नीचे सुरक्षा जाल लगवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इस पर अमल नहीं किया।

मोहल्ला शहबाजपुर निवासी शाहरुख (31) बृहस्पतिवार सुबह अपने पड़ोसी फिरोज के साथ मकान के निर्माण के लिए स्कूटी से कछला चौराहे पर सरिया लेने गया था। उन्होंने अली बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान से सरिया खरीदी। सरिया शाहरुख पकड़े थे। दुकान के बाहर निकलकर वह स्कूटी पर बैठने को हुए तो उन्होंने सरिया जमीन पर खड़ी कर ली।

उसका ऊपरी सिरा हाईटेंशन लाइन से छू गया। तेज करंट लगने से शाहरुख बुरी तरह झुलस गए। दुकानदार ई-रिक्शा से शाहरुख को पड़ोस में ही डॉक्टर के यहां ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर परिवार वाले पहुंच गए और शव घर ले गए। बाद में कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। देर शाम शव दफना दिया गया।

कासिम की मौत के बाद हुआ था हाईटेंशन लाइन का सर्वे

पांच सितंबर को कस्बे के अकबराबाद चौराहे पर हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव बाजपुर निवासी कासिम (24) की मौत हो गई थी। वह अपनी बाइक की सर्विस कराने मिस्त्री की दुकान पर आए थे। इस हादसे के बाद ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने कस्बे में हाईटेंशन लाइनों का सर्वे कराया था। कस्बे में कई जगह दुकानों के सामने ग्रामीण क्षेत्र को जाने वाली लाइन भी गुजर रही है। उसके बराबर में कस्बे की भी लाइन है। दोनों लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल बनाया जाना था। स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया गया था कि लाइन के नीचे जाल बनाने से कम से कम तार टूटकर नीचे नहीं गिरेंगे, जिससे हादसे भी नहीं होंगे लेकिन तब से अब तक जाल भी नहीं बनाया गया है।

– कस्बे में हाईटेंशन लाइन के नीचे सुरक्षा जाल बनाया जाना है। इस समय मूसेपुर और बाजपुर के नजदीक काम चल रहा है। जल्द ही कस्बे में भी सुरक्षा जाल बनाने का काम चलेगा। – सतेंद्र कुमार, जेई

मृतक शाहरुख का फाइल फोटो।

मृतक शाहरुख का फाइल फोटो।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button