Budaun News: पत्नी से विवाद के चलते युवक ने फंदे से लटककर की आत्महत्या

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक रूपकिशोर के परिजन। संवाद
– बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली के रहने वाले युवक का पत्नी से चल रहा था मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव रिसौली में पत्नी से विवाद के चलते युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला तो राहगीरों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव रिसौली निवासी 30 वर्षीय रूपकिशोर पुत्र मोरपाल शर्मा सोमवार की रात 11 बजे खाना खाने के बाद घर से चला गया। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के लोगों ने उसका शव गांव से रायपुर मजरा जाने वाले रोड पर फंदे से लटका देखा। पेड़ पर बने फंदे से शव लटकता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी तो वह कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए।
पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा गया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं निवासी मंजू से हुई थी। उसकी पत्नी पांच साल से अपने मायके में ही रह रही थी। रूपकिशोर का मुकदमा अपनी पत्नी से चल रहा था। बीती छह मई को वह अदालत में पेशी पर आया था। इसके बाद वह गुमसुम रहने लगा। वह अवसाद में था इसलिए किसी से बात नहीं कर रहा था। अवसाद में ही उसने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। इस संबंध में एसएचओ एके सिंह ने बताया कि युवक ने फंदे से लटक कर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंपा गया है।