Budaun News: शराब-चिकन की पार्टी के बाद युवक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 06 Nov 2023 12:30 AM IST

मृतक मुकेश कुमार का फाइल फोटो।
बदायूं। मुड़सेना कला के मझरा दुंदी नगला में शनिवार रात शराब और चिकन खाने के बाद हालत बिगड़ने पर एक युवक की मौत हो गई। जबकि, एक की हालत गंभीर है। परिवार वाले गांव के अन्य युवक पर हत्या का शक जाहिर कर रहे हैं। हालांकि, तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने पार्टी में परोसे गए व्यंजनों को कब्जे में ले लिया है। जांच के लिए सैंपल लैब भेजे जाएंगे।
हजरतपुर थाना क्षेत्र में मझरा दुंदी नगला निवासी मुकेश कुमार उर्फ साधु (40) और उनके पड़ोसी धीरपाल (45) ने शनिवार शाम शराब पार्टी की योजना बनाई। वह बाजार से मुर्गे का मीट खरीदकर लाए और एक दुकान से उन्होंने अंग्रेजी शराब की बोतल खरीदी। फिर धीरपाल ने गांव किनारे बने अपने घेर में ही मीट पकाया और रोटी घर से मंगवा ली। परिवार वालों के अनुसार उस दौरान वहां गांव का एक और व्यक्ति मौजूद था लेकिन वह यह कहकर चला गया कि मैं थोड़ी देर में लौटकर आ रहा हूं। इधर, शराब और चिकन खाने के 15 मिनट बाद ही दोनों की हालत बिगड़ गई। धीरपाल को उल्टियां शुरू हो गईं। पड़ोसियों ने परिवार वालों को सूचना दी। कुछ ही देर में दोनों के परिवार वाले वहां पहुंच गए। वह उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में मुकेश की मौत हो गई।
धीरपाल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह परिवार वालों ने थाने जाकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मुकेश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हुई है। डॉक्टर ने बिसरा सुरक्षित कर लिया है।



