Budaun News: झोलाछाप के इलाज से युवक की मौत, हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sun, 24 Sep 2023 01:41 AM IST

रामकिशोर।फाइल फोटो
रुदायन (बदायूं)। कस्बे में शनिवार शाम झोलाछाप के यहां रामकिशोर (20 वर्ष) की मौत हो गई। इससे परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने झोलाछाप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी रामकिशोर शनिवार शाम अपने भाई पूरन के साथ रुदायन में झोलाछाप समीर के पास दवा लेने आया था। परिवार वालों के मुताबिक रामकिशोर को पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत थी। झोलाछाप पश्चिम बंगाल के बनगांव क्षेत्र के गांव आकाईपुर का रहने वाला है। वह काफी समय से रुदायन में लोगों का इलाज करता है।
परिजनों का कहना है कि जैसे ही समीर ने रामकिशोर को इंजेक्शन लगाया कि उसकी हालत बिगड़ने लगी। बाद में समीर ने उसे ड्रिप लगा दी। कुछ देर बाद ही रामकिशोर की मौत हो गई। इस पर परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर सीओ चंद्रपाल सिंह और इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पूरन ने झोलाछाप समीर के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने झोलाछाप की दुकान पर ताला डलवा दिया है।


