बदायूं

Budaun News: बिनावर में युुवक की भाला मारकर हत्या

Connect News 24

– बिनावर थाना क्षेत्र के गांव ब्योर में पुरानी रंजिश के चलते हुई घटना

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव ब्योर में पुरानी रंजिश के चलते युवक की भाला मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े।

गांव ब्योर निवासी 40 वर्षीय सर्वेंद्र पुत्र नत्थू लाल से डेढ़ साल पहले गांव के ही तीन सगे भाइयों से विवाद हो गया था। उस वक्त पुलिस ने दोनों पक्षों पर शांतिभंग की कार्रवाई की थी। खेत में पानी निकासी को लेकर हुआ यह विवाद थम गया, लेकिन सर्वेंद्र का दूसरा पक्ष रंजिश मानता रहा। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे सर्वेंद्र फसल की सिंचाई कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर ही दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उसको घेर लिया। हमलावरों ने भाले से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सर्वेंद्र के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसको लेकर रात साढ़े दस बजे जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मृतक के तहेरे भाई सोनू ने दूसरे पक्ष के जयप्रकाश, रामप्रकाश, ओमप्रकाश, विजय पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह सर्वेंद्र से डेढ़ साल से ही रंजिश मानते थे, इसलिए उन्होंने उसकी हत्या कर दी। इस संबंध् में एसएचओ राजेश कुमार का कहना है कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेजा था। मृतक के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है, तहरीर आते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल हमलावरों की तलाश की जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button