दुकानों पर चला बुलडोजर: रेलवे की जमीन पर कर रखा था अवैध कब्जा, कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली

रेलवे की टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कराई अवैध दुकानें
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत में रेलवे स्टेशन चौराहे से बरहा समपार फाटक तक सड़क के दोनों ओर कब्जा कर दुकानें बना ली गईं। रेलवे ने जमीन कब्जामुक्त कराने को दुकानों पर नोटिस चस्पा कर शुक्रवार तक का समय दिया था, लेकिन लोगों ने दुकानें नहीं हटाईं। शनिवार को रेल प्रशासन ने दुकानों पर बुलडोजर चलाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान बरेली की टीम भी मौजूद रही।
स्टेशन चौराहे से बरहा रेलवे समपार फाटक के पास तक रेलवे की भूमि पर लोगों ने सड़क के दोनों ओर कब्जा कर लिया था। यहां पर कच्ची और पक्की दुकानों को बना लिया था। यही नहीं, मछली मंडी भी शुरू हो गई थी। रेलवे की ओर से अवैध रूप से काबिज लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद छह मई को अभियान चलाकर कुछ दुकानों को तोड़ दिया गया था।
सिटी मजिस्ट्रेट और सांसद प्रतिनिधि के हस्तक्षेप के चलते अभियान को 24 मई तक रोका गया था। 25 मई को फिर रेलवे ने नोटिस जारी कर खुद अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। अतिक्रमण न हटाने पर शनिवार सुबह ही रेलवे के आला अफसर फोर्स के साथ पहुंच गए। अवैध रूप से काबिज लोगों की दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया गया। इससे एकाएक लोगों में अफरा तफरी मच गई। कई लोग टीम के सामने ही सामान समेटने लगे। करीब एक घंटे में ही पूरा अतिक्रमण साफ हो गया।