सीबीए चुनाव : 20 दिसंबर को मतदान के लिए अपील करेंगे प्रत्याशी
शाहजहांपुर। सेंट्रल बार एसोसिएशन (सीबीए) की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव संचालन व्यवस्था पर आचार संहिता के तहत नियमों की चुनाव अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने जानकारी दी है।
उन्होंने शनिवार को कचहरी के राजीव सभागार में बताया कि मतदान 22 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक होगा। इससे पहले 20 दिसंबर को दोपहर दो बजे राजीव सभागार में प्रत्याशी मतदाताओं के समक्ष अपने विचार रखेंगे। मतगणना का कार्य 22 दिसंबर को शाम छह बजे से शुरू हो जाएगा। अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कनिष्ठ कार्यकारिणी की मतगणना 23 दिसंबर को होगी।
इस बार मतदान के लिए मतपत्रों की एक बुकलेट दी जाएगी। इसमें सभी मतदाता अपना मत प्रयोग कर बुकलेट को एक ही मतपेटी में डालेंगे। यदि बुकलेट से प्रथक कोई मतपत्र मिलेगा, उसे निरस्त कर दिया जाएगा। कोई मतदाता मतदान के समय अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगें। मतदाताओं को अपना पहचान पत्र लाना जरूरी होगा। संवाद