Rampur News: स्नातक में प्रवेश के लिए कल तक मौका
रामपुर।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले की प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। जिले के चार राजकीय डिग्री कॉलेजाें में खाली रह गईं सीटों को भरने के लिए छात्र-छात्राओं के पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दाखिले हो रहे हैं। दाखिले के लिए अब सिर्फ दो दिन का समय बचा है।
राजकीय रजा डिग्री कॉलेज में बीए की खाली रह गईं 100 सीटों में से 30 सीटों पर अभ्यर्थियों ने सोमवार को दाखिला ले लिया। कॉलेज में खाली रह गईं 70 सीटों को भरने के लिए दो दिन का समय बचा है। इसी प्रकार महिला डिग्री कॉलेज में बीएससी मैथ में सोमवार को छह दाखिले हुए। 20 सीटें अभी भी खाली हैं।
बिलासपुर व स्वार के डिग्री कॉलेजोें में लगभग 90 प्रतिशत सीटों पर छात्र-छात्राओं के दाखिले हो चुके हैं। इनमें बीकॉम व बीएससी की कुछ सीटें खाली हैं। इनको भरने के लिए छात्र-छात्राओें के 30 अगस्त तक दाखिले हो रहे हैं। राजकीय रजा डिग्री कॉलेज की प्राचार्या डॉ. दीपा अग्रवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने 30 अगस्त तक प्रवेश सुनिश्चित कर सीट लॉक करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में इस बार बीए की कुछ सीटें खाली रहने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि बीएससी और बीकॉम की सभी सीटें भर चुकी हैं।