खतना प्रकरण: डॉक्टर एम. खान अस्पताल में नहीं भर्ती हो सकेंगे नए मरीज; IMA ने कहा- जो सही होगा उसी के साथ

डॉक्टर एम खान अस्पताल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में बच्चे का खतना करने के आरोप से घिरे एम खान अस्पताल का लाइसेंस निलंबित होने के बाद अब नए मरीज नहीं भर्ती हो सकेंगे। सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रबंधन की ओर से बच्चे के ऑपरेशन से पहले परिजनों को सही जानकारी न देने की पुष्टि हुई है।
दो दिन में अभिलेखों की जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। निलंबन अवधि में अस्पताल में कोई चिकित्सकीय कार्य नहीं हो सकेगा। जो मरीज भर्ती हैं, उन्हें शिफ्ट करना अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। मरीज स्वयं भी दूसरे अस्पताल में इलाज कराने जा सकते हैं।
संबंधित खबर- खतना मामले में बड़ी कार्रवाई: बरेली के डॉ. एम खान अस्पताल का लाइसेंस निलंबित, शासन को भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट
जो सही होगा उसी के साथ : आईएमए
आईएमए अध्यक्ष डॉ. विनोद पागरानी का कहना है कि शहर से बाहर होने की वजह से उन्हें जांच के बारे में जानकारी नहीं है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष सही प्रतीत होते हैं। कम्युनिकेशन गैप की वजह से ऐसा हुआ होगा। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आईएमए कमेटी की बैठक होगी। जो सही होगा उसी के अनुसार कमेटी निर्णय लेगी।



