Budaun News: सिपाही सहित तीन के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 05 Aug 2023 02:41 AM IST
बदायूं। सीजेएम मोहम्मद साजिद की कोर्ट में एक महिला ने थाना उझानी के एक सिपाही सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, जबरन वसूली के मामले में परिवाद दायर किया है। कोर्ट ने मामले में 16 अगस्त, 2023 को आख्या तलब की है।
थाना उझानी के गांव बरसुआ निवासी मुन्नी देवी पत्नी ओमपाल ने अधिवक्ता अजय कुमार सिसोदिया के माध्यम से सीजेएम कोर्ट में 156(3) सीआरपीसी के तहत परिवाद दायर किया है। आरोप है महिला अपने पति के साथ गवाही देने कोर्ट में आई थी जब वह शाम को गांव पहुंची तो गांव के पास ही रास्ते में गांव के बंटी, रामऔतार और उसका पुत्र सुखबीर ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
परिवादी ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की। मुन्नी देवी के घर थाना अब्दुल्लागंज चौकी का एक कांस्टेबल 27 जुलाई, 2023 को एक अन्य सिपाही के साथ आया और कहा कि बहुत शिकायत करती हो। सिपाही ने परिवादी के लड़के को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। केस से बचाने के एवज में 10 हजार रुपए ऐंठ लिए। तब परिवादिनी ने कोर्ट में 156(3) सीआरपीसी के तत्वप्रार्थना पत्र दिया। सीजेएम मोहम्मद साजिद ने मामले में थाने से 16 अगस्त 2023 को आख्या तलब की है। संवाद