के॰सी॰एम॰टी॰ कैम्पस-२ में शिक्षक दिवस पर डॉ. मृदुला चंद्रा को ‘अभिनंदन ‘ सम्मान
शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर गुरु के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से एक शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारीं डॉ• मृदुला चन्द्रा, प्रधानाचार्या , किसान इंटर कॉलेज , फ़रीदपुर , को ‘ अभिनंदन’ सम्मान प्रदान किया गया ।

डॉ. मृदुला चंद्रा पिछले बीस वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएँ दे रही हैं । अपने कार्यों में दक्ष डॉ. चंद्रा अपने शिक्षण कौशलों तथा अपनी कर्मठता से विद्यालय को नित नवीन ऊँचाइयों पर ले जा रही हैं । आपके कुशल नेतृत्व में छात्र अपनी प्रतिभाओं का पूर्ण विकास कर अपने भविष्य को स्वर्णिम बनाने की ओर अग्रसर हैं ।

डॉ. मृदुला चन्द्रा समय -समय पर जरूरतमंद तथा प्रतिभाशाली छात्रों हेतु व्यक्तिगत स्तर पर संसाधन उपलब्ध करवाने से भी पीछे नहीं रहतीं। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनके बहुमूल्य योगदान के लिए के॰सी॰एम॰टी॰ कैम्पस-२, प्रेम प्रकाश गुप्ता इंस्टिट्यूट ने ‘अभिनंदन’ सम्मान से सुशोभित किया ।

यह सम्मान महाविद्यालय के एम॰डी॰ डॉ. विनय खंडेलवाल द्वारा प्रदान किया गया । इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रवीण रस्तोगी तथा सभी शिक्षक उपस्थित रहे ।



