बरेली: बारावफात के जुलूस में नहीं बजेगा डीजे, नई परंपरा डाली तो कार्रवाई; सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई बैठक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में ईद-ए-मिलादुन्नबी/बारावफात त्योहार पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में बैठक हुई। जुलूस में डीजे बजाने की अनुमति न देने की मांग धर्मगुरुओं और जुलूस आयोजकों ने डीएम से की, जिस पर डीएम ने पुलिस प्रशासन को अपने-अपने क्षेत्र में एक बैठक कर आयोजकों को संबंधित बिंदुओं से अवगत कराते हुए जागरूक करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कोई नई परंपरा न डालने, शांतिपूर्ण जुलूस निकालने, वालंटियर्स को नियुक्त कर उसकी सूची पुलिस प्रशासन को देने के लिए कहा। सभी मजिस्ट्रेट और एसडीएम को जुलूस के रास्तों का निरीक्षण कर उसे दुरुस्त कराने, बिजली पोल, लाइन चेक करने, नगर निगम और जल निगम को साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी भ्रामक पोस्ट मैसेज, सोशल मीडिया पर डालने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान और एसपी सिटी राहुल भाटी ने भी धर्मगुरुओं व आयोजकों को शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकालने के लिए कहा।


