एसटीपी का कार्य समय से पूरा करें : डीएम

संबंधित अधिकारी से जानकारी लेते डीएम। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को मघईटोला स्थित 248 करोड़ की लागत से बने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने पीएलसी रूम, ऑपरेटर रूम, पंपिंग स्टेशन आदि का जायजा लिया। उन्होंने कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने एसटीपी का भ्रमण कर अधिशासी अभियंता सुनील कुमार यादव से प्लांट के संचालन और कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली। अधिशासी अभियंता ने बताया कि 1.5 हेक्टेयर भूमि पर बने एसटीपी का लगभग 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। बाकी कार्य भी निर्धारित समय दिसंबर में पूरा कर लिया जाएगा। विभिन्न कार्यक्रमों और त्योहार के कारण एसटीपी के कार्य में विलंब हुआ है। एसटीपी चालू हो चुका है। पांच एमएलडी पानी एसटीपी तक पहुंच रहा है जिसका शोधन भी हो रहा है। प्लांट को ऑटोमेशन तकनीक के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर और कर्मचारी बोर्ड बनाने के लिए कहा। किए गए सीवेज कनेक्शन की सूची नगर निगम को उपलब्ध कराए जाने के निर्देश भी डीएम ने दिए। इस दौरान सहायक अभियंता विनायक कुमार, जूनियर इंजीनियर शहबाज मौजूद रहे।