दशहरा : रावण का वध होते ही गूंजे श्रीराम के जयकारे

शहर के रामलीला मैदान पर आयोजित श्रीराम लीला महोत्सव में लीला का मचंन करते कलाकार । संवाद
पीलीभीत। दशहरे के मौके पर शहर के रामलीला मेले में मंगलवार को अहिरावण और रावण वध की लीला का मंचन किया गया। रावण का वध होने के बाद मैदान में खड़े रावण के पुतले का दहन किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रीराम का उद्घोष किया। लीला का मंचन देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने भगवान राम की आरती उतारी।
मेला मैदान पर दशहरा को लेकर दोपहर से ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। शाम पांच बजे शुरू हुई लीला में दिखाया गया कि मेघनाद की मृत्यु के बाद रावण असहाय महसूस करता है और पाताल के राजा अहिरावण को भेजता है। अहिरावण मायावी शक्ति से श्रीराम और लक्ष्मण का अपहरण कर पाताल में ले आता है।
हनुमान जी अहिरावण का वध करके श्रीराम और लक्ष्मण को बंधन मुक्त कर ले आते हैं। इसके बाद रावण अपने बेटे अतिकाय, नारांतक और देवांतक को युद्ध में भेजता है। मगर वे भी मारे जाते हैं। इस पर रावण खुद युद्ध की कमान संभालता है। श्रीराम व रावण में भयंकर युद्ध होता है। जब बहुत देर तक रावण हार नहीं मानता, तो श्रीराम विभीषण से वजह पूछते हैं।
इस पर विभीषण रावण की नाभि में अमृत होने और वहां तीर मारने को कहते हैं। इसके बाद प्रभु राम उसकी नाभि में तीर मारते हैं इसी के साथ श्रीराम के हाथों रावण का वध हो जाता है। रावण का वध होते ही मेला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठता है।
लीला मंचन के बाद पुतले का दहन किया गया। इसके साथ ही आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार एवं अन्य अधिकारियों ने प्रभु राम का विजय तिलक किया। मेले में समाजसेवी एवं स्काउट गाइड कैंप के लोग व्यवस्था में अपना सहयोग कर रहे थे।
इस दौरान पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा अशोक कॉलोनी में भी कमेटी के सदस्यों द्वारा रावण का पुतला फूंका गया।
रामलीला रोड पर उमड़ी भीड़, लगा जाम
डिग्री कॉलेज चौराहे से रामलीला मैदान की तरफ जाने वाली सड़क पर जबरदस्त जाम लगा रहा। रावण का पुतला फुंकते ही भीड़ जब लौटी तो इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। सड़क पहले से ही खराब थी इस कारण लोगों को और मुश्किल हुई। हालांकि भीड़ को संभालने के लिए पुलिस का इंतजाम किया गया था लेकिन भीड़ के आगे पुलिस भी असहाय नजर आई।

शहर के रामलीला मैदान पर आयोजित श्रीराम लीला महोत्सव में लीला का मचंन करते कलाकार । संवाद

शहर के रामलीला मैदान पर आयोजित श्रीराम लीला महोत्सव में लीला का मचंन करते कलाकार । संवाद

शहर के रामलीला मैदान पर आयोजित श्रीराम लीला महोत्सव में लीला का मचंन करते कलाकार । संवाद

शहर के रामलीला मैदान पर आयोजित श्रीराम लीला महोत्सव में लीला का मचंन करते कलाकार । संवाद