Bareilly News: वेब सीरीज का दृश्य संपादित कर अभिनेता के गांव में किया वायरल
बरेली। शहर से सटे गांव बुखारा निवासी रवि पटेल ने गांव में जो वेब सीरीज बनाई, गांव के दो लोगों ने उसे एडिट कर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। गांव में बदनामी होने पर रवि के पिता ने दो लोगों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कैंट थाना क्षेत्र के बुखारा गांव निवासी ओमपाल के पुत्र रवि पटेल 2014 से मुंबई में रहकर लघु फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर रहे हैं। रवि पटेल ने कुछ समय पहले एक वेब सीरीज में अभिनय किया था। वेब सीरीज के सीन को दो लोगों ने एडिट कर अश्लील वीडियो बना लिया और गांव के लोगों के मोबाइल पर भेज दिया। वीडियो वायरल हुआ तो गांव में रवि की बदनामी होने लगी। इसकी जानकारी ओमपाल और उनके बेटे रवि पटेल को हुई।
ओमपाल के मुताबिक रवि ने कई बार उनसे कहा कि वह आत्महत्या कर लेगा। ओमपाल ने वीडियो वायरल करने वाले नंबरों की जानकारी जुटाई। पता लगा कि गांव के पवन पटेल और विकास ने यह हरकत की है। ओमपाल करीब दो महीने तक शिकायत करते रहे, अब आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सात वर्ष से अभिनय कर रहे रवि
बुखारा गांव के रवि पटेल वर्ष 2014 में मुंबई गए थे। तब से वह अभिनय के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। रवि के मुताबिक दो वेब सीरीज, पांच लघु फिल्म कर चुके हैं। बॉलीवुड फिल्म बॉस क्लाइमेक्स अभी बाकी है..में भी रवि लीड रोल में हैं। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हुई है। अवंतिका सीरियल में भी रवि ने अभिनय किया है।



