ईद-उल-अजहा: ईदगाहों और मस्जिदों में अदा हुई नमाज, बरेली मंडल में बकरीद की धूम; देखिए तस्वीरें
बकरीद पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बरेली में घनी आबादी वाले इलाकों में ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है। शहर की सभी मस्जिदों और ईदगाह पर पुलिस तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों के साथ टीम बनाकर प्रशासन के अफसर भी भ्रमण पर हैं। वहीं ईद-उल-अजहा के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन किया गया है। रात 12 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक है।
बरेली में सबसे पहले दरगाह वली मियां स्थित चांद मस्जिद में सुबह 5:45 बजे नमाज अदा की गई। इसके साथ ही नमाज का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 9:30 बजे काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा कादरी ने अदा कराई।
दरगाह आला हजरत पर भी सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा कर खुशहाली के लिए दुआ मांगी। आला हजरत दरगाह की रजा मस्जिद में सुबह 10:30 और किला की जामा मस्जिद में 9 बजे नमाज अदा कराई गई।
शाहजहांपुर में ईद-उल-अजहा का त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया गया। सुबह 7:30 बजे बड़ी ईदगाह (बड़े खुत्वे) में इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने दो रकात नमाज अदा कराई। इसके बाद मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई।
बदायूं में बकरीद का त्योहार खुशनुमा माहौल में मनाया गया। ईदगाह शम्सी व जामा मस्जिद सहित जिलेभर की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा कर वतन व कौम की सलामती के लिए दुआ की गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जगह-जगह मुस्तैद रहे।