मेला ककोड़ा : 27 को होगा मुख्य स्नान, शाम को गंगा आरती

मेला ककोड़ा में सड़क पर टैंकर से किया जा रहा पानी का छिड़काव। संवाद
कादरचौक। कार्तिक पूर्णिमा 27 नवंबर को ककोड़ा मेले में मुख्य स्नान पर्व होगा। इस दिन करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने पहुंचने का अनुमान है। मेले में होने वाली गतिविधियों का जिला पंचायत की ओर से विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। 27 नवंबर को शाम को गंगा आरती होगी।
रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा 20 नवंबर से शुरू होकर चार दिसंबर तक चलेगा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुरेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह नौ बजे ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी मेला स्थल जाएगी। मेला स्थल पर हवन-पूजन के साथ झंडी स्थापित कर मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद डीएम जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
मेले का उद्धाटन 26 नवंबर को दोपहर एक बजे किया जाएगा। दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम के पंडाल में सरस्वती वंदना और दीप पूजन के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा, जो 28 नवंबर तक जारी रहेगा। 27 नवंबर को मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान किया जाएगा। शाम सात बजे गंगा महासभा के पदाधिकारी और कछला के विद्वान गंगा की आरती करेंगे। गंगा तट पर आतिशबाजी भी की जाएगी।
सड़क पर पानी का छिड़काव किया जा रहा
मेला ककोड़ा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में जिला पंचायत की ओर से तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। मेले में मुख्य सड़क बनाने के बाद अब उस पर पानी का छिड़काव कराया जाने लगा है, ताकि आने वाले दिनों में वाहनों के निकलते समय कोई परेशानी यात्रियों को न हो।