शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: लाइन में आया फाल्ट, 24 घंटे अंधेरे में रहे सात हजार परिवार

Connect News 24

शाहजहांपुर। लोदीपुर स्थित सिटी पार्क विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में फाल्ट आने के बाद 24 घंटे तक करीब सात हजार परिवार बिजली का इंतजार करते रहे। बिजली गुल होने पर रविवार की रात लोगों ने हंगामा किया। रात में एसई व एक्सईएन समेत नौ उपकेंद्रों के कर्मचारी फाल्ट को तलाशते रहे। सुबह बहादुरगंज के फीडर से सप्लाई जोड़कर राहत दी गई।

रविवार सुबह लाइन के इर्द-गिर्द गुजरे पेड़ाें की छंटाई के लिए अवर अभियंता मनीष श्रीवास्तव ने शटडाउन लिया था। काम निपटने के बाद करीब दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। तब फाल्ट की तलाश शुरू हुई। रात नौ बजे तक बिजली न आने पर सिटी पार्क कॉलोनी, लोदीपुर, मोहम्मदी रोड समेत कई फीडरों के उपभोक्ता भड़क गए।

उन्होंने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। जेई ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। कामयाबी नहीं मिलने पर पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने उपभोक्ताओं को उपकेंद्र से हटाया। फिर भी भीड़ लगी रही। इधर, बिजली आपूर्ति बाधित हाेने से लाेगों के घरों के इन्वर्टर डाउन हो गए। मोबाइल की बैटरी तक खत्म हो गई। घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। बिजली नहीं आने पर लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। सड़क पर लोग टहलकर समय को पास करते रहे। छतों पर मच्छरों ने सोने नहीं दिया।

दूसरी तरफ पॉश कॉलोनी सिटी पार्क समेत कई क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित होने पर एसई जेपी वर्मा, एक्सईएन अरविंद कुमार, एसडीओ व नौ उपकेंद्रों के स्टाफ को बुलाकर फाल्ट ढुढवाया, लेकिन रात तीन बजे तक कामयाबी नहीं मिली। 24 घंटे के बाद इंटरकनेक्ट सिस्टम के तहत बहादुरगंज के विकास भवन फीडर से सप्लाई को जोड़कर लोगों को राहत दी गई।

स्टाफ ने नहीं किया सहयोग, फोन कर लिए बंद

सिटी पार्क के स्टाफ ने लाइन फाल्ट तलाश करने में जेई का सहयोग नहीं किया। रात करीब तीन बजे घर आने के बाद कर्मियों ने अपने फोन बंद कर लिए। इसके चलते सुबह में लाइन पर दोबारा से गश्त शुरू नहीं की जा सकी। दोपहर में कर्मियों के आने पर फाल्ट को तलाशा गया। बताते हैं कि रात में कोई सीढ़ी तक पर चढ़ने को तैयार नहीं था। ऐसे में बहादुरगंज के लाइनमैन को सीढ़ी पर चढ़ाया गया।

मोहम्मदी पुल के नीचे केबल में मिला फाल्ट

सोमवार को दोपहर बाद केबल बॉक्स में खराबी की आशंका के तहत मोहम्मदी पुल के पास रेलवे लाइन के नीचे तलाश शुरू की गई। यहीं पर केबल बॉक्स की केबल में फाल्ट मिला है। लाइन को लगाते ही दोबारा से धुआं निकलने लगा। इसके चलते शाम साढ़े पांच बजे तक लाइन दुरुस्त नहीं हो सकी।

पार्षद ने की जेई पर कार्रवाई की मांग

वार्ड लोदीपुर के पार्षद रुपेश कुमार वर्मा अन्नू ने एसई को पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि सिटी पार्क के अवर अभियंता मनीष की कार्य प्रणाली के कारण पिछले दो माह से विद्युत आपूर्ति एवं लो वोल्टेज की समस्या आ रही है। इससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्षद ने अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही क्षेत्र में बिजली नेटवर्क को मजबूत करने की मांग की है।

लाइन पर तकनीकी फाल्ट आया है। फाल्ट मिलने के बाद दोबारा से लगाने के बाद धुआं निकल गया। उसे सही कराने का प्रयास किया जा रहा।

– अरविंद कुमार, एक्सईएन नगर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button