Rampur News: पुरस्कार के लिए आवेदन से डर रहीं ग्राम पंचायतें
रामपुर। मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार पाने के लिए जिले की ग्राम पंचायतें दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं। जिले में 680 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन अभी तक सिर्फ 115 ग्राम पंचायतों ने ही पुरस्कार के लिए पोर्टल पर आवेदन किया है। आवेदन की अंतिम तारीख 25 अगस्त है। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि तमाम ग्राम पंचायतों में विकास कार्य मानकों के अनुरूप नहीं होते हैं, इसीलिए ग्राम पंचायतें पुरस्कार के लिए आवेदन नहीं कर रही हैं।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने एवं मानकों का पालन कराने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना की शुरूआत की है। जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री की तरफ से पुरस्कृत किया जाता है। इसके लिए ग्राम पंचायतों से 15 जुलाई से आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त तक है। इस अवधि में जिले में महज 115 ग्राम पंचायतों ने ही पोर्टल पर सीएम पुरस्कार पाने के लिए आवेदन किया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार कुछ विकास खंड से एक भी ग्राम पंचायत ने आवेदन नहीं किया है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है, उन ग्राम पंचायतों में शासन के निर्धारित मानक के अनुसार कामकाज नहीं कराया गया है। इस योजना में आवेदन करने वाली ग्राम पंचायतों को अलग-अलग काम के आधार पर अंक दिए जाते हैं। जिसमें खरा उतरने वाली ग्राम पंचायतों के नाम जिला स्तर से शासन को भेजे जाते हैं। इसके बाद पांच पंचायतों को मुख्यमंत्री की तरफ से पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार स्वरूप सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायतों को विकास कार्य कराने के लिए धनराशि भी दी जाती है। जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि इस योजना में अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को आवेदन करना चाहिए।
यह मिलती है पुरस्कार राशि
जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पांच ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के अंतर्गत धनराशि दी जाती है। प्रथम पुरस्कार पर 11 लाख, द्वितीय पुरस्कार पर नौ लाख, तृतीय पुरस्कार पर छह लाख रुपये, चतुर्थ पुरस्कार पर चार लाख और पंचम पुरस्कार पर दो लाख रुपये ग्राम पंचायत को दिए जाते हैं। ग्राम पंचायतों को यह धनराशि विकास कार्यों पर खर्च करनी होती है।
-पिछले वर्ष पुरस्कार पाने वाली ग्राम पंचायतें
प्रथम पुरस्कार सैदनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बगरौआ
द्वितीय पुरस्कार मिलक ब्लॉक की ग्राम पंचायत बकनौरी
तृतीय पुरस्कार मिलक ब्लॉक की ग्राम पंचायत दुली चंदपुर
चतुर्थ पुरस्कार चमरौआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत जिठनिया
पंचम पुरस्कार शाहबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत बमनपुरी