‘अली’ की जमीन पर विराजे बजरंगबली: सात माह में हाईवे से 150 फीट दूर शिफ्ट किया गया हनुमान मंदिर

कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर की पुनर्स्थापना का काम पूरा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण में बाधक बन रहे कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर को पीछे खिसकाने का काम सात महीने बाद मंगलवार को पूरा हो गया। मंदिर को राष्ट्रीय राजमार्ग से 150 फीट पीछे स्थापित कर दिया गया है। इसके साथ ही मंदिर के पुराने पीपल के पेड़ को भी नवीन मंदिर परिसर में पुनर्रोपित कर दिया गया है।
पिछले साल अक्तूबर में मंदिर को पीछे खिसकाने का काम शुरू हुआ था। हरियाणा की जय दुर्गा हाउस लिफ्टिंग एंड शिफ्टिंग कंपनी को इसका ठेका दिया गया था। कंपनी ने मंदिर के नीचे फाउंडेशन बनाकर उसे लोहे के चैनल से जकड़ा और फिर जैक लगाकर मंदिर को पीछे ले जाने की प्रक्रिया शुरू की।
बाबू अली ने दान की थी जमीन
शुरुआत में कहा गया कि दो-तीन महीने में मंदिर शिफ्ट दिया जाएगा, लेकिन सात महीने में काम पूरा हो सका। मंदिर के लिए एक बीघा जमीन बाबू अली ने दान दी थी। इसी जमीन पर हनुमान मंदिर को स्थापित किया गया है। बाबू अली ने हनुमान मंदिर के लिए अपनी जमीन देकर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की।