Pilibhit News: पुलिस से शिकायत करने पर घर में घुसकर दंपती को पीटा
– जान से मारने की दी धमकी, सीओ के आदेश पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर महिला की पिटाई की गई। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर महिला और उसके पति की पिटाई की। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने सीओ के आदेश पर गांव पटिहन निवासी मीना देवी की ओर से गांव निवासी अजयपाल, लालू और अजयपाल की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मीना देवी ने बताया कि उसके पति ने गांव निवासी रामरतन के पुत्र लक्ष्मी और ज्ञानचंद को 2750 रुपये उधार दिए थे। 29 अप्रैल को उसने उधार लिए गए रुपये वापस मांगे। तब आरोपियों ने गांव निवासी पवन की दुकान पर बुलाया। दुकान पर पहुंचने पर रामरतन के पुत्र लालू, गांव निवासी अजयपाल, अजयपाल की पत्नी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसकी लाठी से पिटाई की।
शोर-शराबे पर उसकी जेठानी और जेठ ने मौके पर पहुंचकर बचाया। घटना की शिकायत उसने सेहरामऊ उत्तरी थाने जाकर की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस से शिकायत करने से क्षुब्ध होकर आरोपियों ने 30 अप्रैल को घर में घुसकर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर उसे और उसके पति की पीटा, दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
मीना ने सीओ को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सेहरामऊ इंस्पेक्टर कांत कुमार शर्मा ने बताया कि सीओ के आदेश पर मीना देवी की ओर से अजयपाल, लालू, अजय की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।