शाहजहाँपुर

उम्मीद 2024 : सरकारी अस्पतालों में बेड की खत्म होगी मारामारी

Connect News 24

Hope 2024: The fight for beds in government hospitals will end

शाहजहांपुर का राजकीय मे​डिकल कॉलेज। स्रोत-स्वास्थ्य विभाग

शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में गंभीर रोगियों को उपचार देने के बजाय रेफर करना पड़ता है। मरीजों को राहत देने के लिए यहां 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट बनाई जाएगी। 16 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। यूपी सिडको टेंडर फाइनल करने के बाद ठेकेदार से काम शुरू कराएगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में ड्रग हाउस को तोड़ा जाएगा। इसमें 25 बेड का आईसीयू वार्ड भी बनेगा।

कांट-जलालाबाद रोड पर जिगनेरा गांव में बने राजकीय मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग कॉलेज का रास्ता साफ हो गया है। बीएससी नर्सिंग की 60 सीटों पर छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। कॉलेज निर्माण के लिए एक एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी। दस करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा गया है जहां से जल्द ही स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।

जमीन व स्ट्रेचर पर लिटाकर किया जाता है उपचार

-डेंगू के प्रकोप के दौरान 330 बेड के राजकीय मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त बेड डालने के लिए जगह उपलब्ध नहीं थी। इसके चलते मरीजों को जमीन और स्ट्रेचर पर लिटाकर उपचार किया गया। वहीं, एक बेड पर दो से तीन मरीज लिटाए गए थे। इस वर्ष 100 बेड का भवन बनकर तैयार हो सकता है। भवन सुपुर्दगी के बाद मरीजों को राहत मिल जाएगी। इसके बनने के बाद बेड के लिए मारामारी खत्म हो जाएगी।

एक करोड़ की लागत से लगेगी सिटी स्कैन मशीन

-राजकीय मेडिकल कॉलेज में अभी एनएचएम के सहयोग से मरीजों के सीटी स्कैन किए जाते हैं। इस वर्ष एक नई सीटी स्कैन मशीन लगाने का प्रस्ताव पास हुआ है। एक करोड़ रुपये से मशीन खरीदने की तैयारी हो गई है। इसके लगने से सीटी स्कैन विभाग में मरीजों का भार कम होगा। इसके अतिरिक्त महिला रोग विभाग और सर्जरी विभाग में 75-75 लाख की कीमत से लेप्रोस्कोपी मशीनों को लगवाया जाएगा।

एक्स-रे कराने के लिए मिलेगी राहत

-तहसीलों पर स्थित सीएचसी पर एक्स-रे की सुविधा नहीं है। इसके चलते मरीजों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में आना पड़ता है जहां हर दिन 150 से 200 एक्स-रे होते हैं। रोगियों को उनकी नजदीक की सीएचसी पर एक्स-रे की सुविधा देने के लिए 11 मशीनें मंगाई गई हैं। इन्हें सीएचसी पर स्थापित कराकर तकनीशियन की मदद से एक्स-रे कराए जाएंगे। उनकी रिपोर्ट अगले दिन टेली रेडियोलॉजी के जरिये उपलब्ध कराई जाएगी।

दस नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मिलेंगे

-जिले में 326 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का संचालन होता है। इसमें दस नए सेंटर बढ़ने जा रहे हैं। नए साल में यह खुल जाएंगे। इसके अतिरिक्त अन्य सेंटरों पर सुविधाओं काे बढ़ाया जाएगा। उसके लिए एसीएमओ आदि को जिम्मेदारी देने की तैयारी की गई है।

-नए साल में दस नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। सीएचसी पर एक्स-रे मशीनों को लगाया जाएगा। अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त होंगी।

डॉ.आरके गौतम, सीएमओ

-नए वर्ष में स्वास्थ्य सेवाओं को गति देने वाले कई काम पूरे हो जाएंगे। उनके होने से मरीजों को बड़ी राहत मिल जाएगी।

डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज

शाहजहांपुर का राजकीय मेडिकल कॉलेज। स्रोत-स्वास्थ्य विभाग

शाहजहांपुर का राजकीय मेडिकल कॉलेज। स्रोत-स्वास्थ्य विभाग


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button