बरेली: घरों में पनप रहा मच्छरों का लार्वा, नहीं संभले तो बढ़ सकते हैं डेंगू के मरीज

डीबीसी टीम ने नष्ट कराया लार्वा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के हजारों घरों में मच्छरों के लार्वा पनप रहा है। डोमेस्टिक ब्रीडर चेकर्स (डीबीसी) टीम की रिपोर्ट के मुताबिक 2,912 घरों और 5,868 कंटेनर में डेंगू के लार्वा पनपता मिला। इसी तरह लोगों की लापरवाही जारी रही तो डेंगू के मामले बढ़ने की आशंका है।
अब तक जिले में डेंगू के 76 मरीज मिल चुके हैं। शहर और देहात में जिन इलाकों में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, डोमेस्टिक ब्रीडर चेकर्स की टीमें वहां लोगों के घरों में लार्वा की जांच कर रही हैं।
प्रत्येक टीम को प्रतिदिन 50 घरों की जांच करने का लक्ष्य दिया है। जहां भी लार्वा मिलते हैं, टीम उनको नष्ट कराती है। अब तक हुई जांच के आंकड़े चौंकाने वाले हैं।
फ्रिज की बैक ट्रे, कूलर की टंकी में मिले मच्छर
जिला मलेरिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 810 कूलरों की टंकी में और 488 फ्रिज की बैक ट्रे में मच्छरों के लार्वा पनपते मिले। घरों में रखे गुलदस्ता, गमलों में भी लार्वा मिले। जिला मलेरिया अधिकारी डीआर सिंह ने लोगों को सप्ताह में एक बार कूलर आदि का पानी बदलने का सुझाव दिया है।



